वार्षिकोत्सव एवं छात्रसंघ समारोह ~ 2025-26

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सितारगंज में “उत्कर्ष” वार्षिकोत्सव एवं छात्र संघ समारोह (2025-26) का भव्य आयोजन दिनांक 21 अप्रैल 2026 को महाविद्यालय प्रांगण में प्रातः 11:00 बजे सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें। इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा द्वारा महाविद्यालय में विधायक निधि से नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का उद्घाटन भी किया ,जो माननीय मंत्री जी द्वारा ही स्थापित की गयी हैं।
इसके साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री उपकार सिंह बल ब्लॉक प्रमुख सितारगंज एवं श्री सुखदेव सिंह चेयरमैन नगर पालिका सितारगंज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. रेनू रानी बंसल ने की। उन्होंने महाविद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों एवं योजनाओं पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय बनबसा के प्राचार्य डॉ ए पी सिंह तथा राजकीय महाविद्यालय बलुआकोट के प्राचार्य प्रो सुभाष चंद्र वर्मा की उपस्थिति भी शोभायमान रही ।
इस अवसर पर महाविद्यालय में हिंदी विभाग में कार्यरत डॉ. राजविन्दर कौर की पुस्तक ‘हिंदी पत्रकारिता का बहुआयामी अध्ययन ‘ का विमोचन माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा जी के कर कमलों द्वारा किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान स्वागत भाषण, अतिथियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया।
महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्रसंघ पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग एवं योगदान दिया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।